
भोपाल। मध्यप्रदेश एनएसयूआई ने कांग्रेस के आगामी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए 40 दिवसीय राज्यव्यापी अभियान की विस्तृत रणनीति तैयार कर ली है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एनएसयूआई की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में अभियान के स्वरूप, कार्यक्रमों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सर्वसम्मति से इसे प्रदेशभर में प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के समन्वयक एवं एनएसयूआई के राष्ट्रीय सह-प्रभारी अंशुल त्रिवेदी ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार छात्रों, युवाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाते रहे हैं। इन्हीं विषयों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एनएसयूआई कार्यकर्ता आगामी 40 दिनों तक प्रदेश के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, छात्रावासों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पर्चा वितरण, छात्र संवाद, छोटी-छोटी बैठकों, छात्रावास संपर्क कार्यक्रम तथा जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के अगले चरण में 1 अगस्त को भोपाल कलेक्टोरेट के बाहर सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा, जबकि 8 अगस्त को नई दिल्ली में राष्ट्रीय छात्र सम्मेलन होगा, जिसमें राहुल गांधी छात्रों को संबोधित करेंगे।
एनएसयूआई के मध्यप्रदेश प्रभारी रवि डांगी ने कहा कि यह केवल संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकारों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर जनआंदोलन है। वहीं प्रदेश अध्यक्ष आशीष चौकसे ने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रदेश के हर जिले, कस्बे, मोहल्ले और शैक्षणिक संस्थान तक पहुंचकर अभियान को सफल बनाएगा तथा भोपाल के कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप देगा।
बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अभियान को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए छात्रों की आवाज को व्यापक स्तर पर उठाने का संकल्प दोहराया।
