
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को राज्य और केंद्र की भाजपा सरकार पर भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए व्यापक शिक्षा एवं भर्ती सुधारों की मांग की। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह और जयवर्धन सिंह ने युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए राज्यव्यापी जनजागरण अभियान की घोषणा की।
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि लगातार भर्ती घोटालों और परीक्षा संबंधी विवादों से छात्रों एवं नौकरी के अभ्यर्थियों का भरोसा टूट गया है। उन्होंने कहा कि व्यापम से लेकर हालिया भर्ती और नर्सिंग परीक्षा मामलों तक प्रदेश में परीक्षा प्रणाली सवालों के घेरे में रही है। उन्होंने सरकार पर लगभग 4.87 लाख रिक्त पद नहीं भरने का आरोप लगाते हुए वार्षिक भर्ती कैलेंडर, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और सभी परीक्षाओं के लिए एकमुश्त शुल्क व्यवस्था लागू करने की मांग की।
जयवर्धन सिंह ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों का विश्वास कमजोर किया है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
प्रियव्रत सिंह ने कहा कि बेरोजगारी और भर्ती विवादों ने प्रदेश के युवाओं में गहरी निराशा पैदा की है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस 14 जुलाई से इंदौर से “युवा स्वाभिमान जेन-जी साइक्लोथॉन” शुरू करेगी, जो देवास और सीहोर होते हुए 15 जुलाई को भोपाल पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं के अधिकारों, गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा तथा पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के पक्ष में जनसमर्थन जुटाना है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी शिक्षा सुधार, निष्पक्ष भर्ती प्रणाली और युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।
