इंदौर:विजय नगर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है. अज्ञात साइबर ठग ने झांसे में लेकर युवती से 6.20 लाख रुपए की ठगी कर ली. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि पीड़िता ने शिकायत में बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी पहचान के साथ उससे संपर्क किया और भरोसे में लेकर बातचीत शुरू की.
आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से उसे अपने झांसे में लिया और अलग-अलग बहानों से रकम ट्रांसफर करवाता रहा. युवती ने आरोपी के बताए खातों में किस्तों में कुल 6 लाख 20 हजार रुपए जमा कर दिए. बाद में जब आरोपी से संपर्क टूट गया और उसकी असलियत सामने आई, तब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ. मामले में विजय नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अब बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.
