श्रीलंका को करना पड़ा फॉलोऑन, भारत जीत से चार कदम दूर

कोलंबो, 26 अगस्त (वार्ता) मानव सुथार (दो विकेट), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, रवींद्र जडेजा और सारांश जैन (एक-एक विकेट) के बेहतर गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत भारत ने दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन बुधवार को बारिश के कारण स्टंप्स घोषित किये जाने के समय श्रीलंका के दूसरी पारी में 229 रन पर छह विकेट झटक कर मैच पर अपनी पकड़ बना ली है। फॉलोऑन खेलने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मात्र पांच रन पर अपना पहला विकेट लाहिरू उदारा (तीन) रन के रूप में गंवा दिया। उन्हें मोहम्मद सिराज ने आउट किया।

इसके बाद 15वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने कामिल मिशारा (32) को पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। भोजनकाल तक श्रीलंका ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 83 रन बना लिये थे। इसके बाद पसिंदु सूर्याबंदारा और कामिंडु मेंडिस ने पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये। 44वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने कामिंडु मेंडिस को आउटकर श्रीलंका को तीसरा झटका दिया। कामिंडु मेंडिस ने 92 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से (55) रन बनाये। चायकाल के समय तक श्रीलंका ने तीन विकेट पर 199 रन बना लिये थे।
चायकाल के बाद मानव सुथार ने धनंजय डिसिल्वा (23) और पसिंदु सूर्याबंदारा (92) को आउट कर भारत की मैच में वापसी करा दी।

बारिश होने के पहले सारांश जैन ने निरोशन डिकवेला (छह) का शिकार कर भारत को छठी सफलता दिला दी। स्टंप्स के समय श्रीलंका ने छह विकेट पर 229 रन बना लिये है। सोनल दिनुशा (नाबाद छह) और केशरा नुवंता (नाबाद तीन) क्रीज पर मौजूद थे। इससे पहले सुबह के सत्र में प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार (तीन-तीन विकेट) और सारांश जैन (दो विकेट) के दम पर भारत ने श्रीलंका की पहली पारी को 290 रनों के स्कोर पर समेट कर उसे फॉलोऑन के मजबूर कर दिया और 213 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त भी हासिल कर ली थी। श्रीलंका ने आठ विकेट पर 265 रनों से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में 288 रन पर श्रीलंका नौवां विकेट लाहिरू कुमारा (12) के रूप में गिरा। उन्हें सारांश जैन ने आउट किया। इसके बाद 90वें ओवर की चौथी गेंद पर सारांश जैन ने अपना शतक पूरा कर चुके सोनल दिनुशा का शिकार कर भोजनकाल से पहले श्रीलंका की पारी का 290 रन के स्कोर पर अंत कर दिया। सोनल दिनुशा ने 162 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाते हुए (103) रनों की पारी खेली। लेकिन वे अपनी टीम को फॉलोऑन से नहीं बचा पाये।

.....

Next Post

जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में खुद पहुंचे उप मुख्यमंत्री शुक्ल, 9 लोगों को कराया रेस्क्यू

Wed Aug 26 , 2026
रीवा, उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने एक बार फिर जनसेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। रीवा नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में हुई अतिवृष्टि के कारण उत्पन्न जलभराव की स्थिति का उन्होंने न केवल मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया, बल्कि प्रभावित नागरिकों के बीच जाकर उनका […]

You May Like