
ग्वालियर। ग्वालियर कांग्रेस कार्यालय पर इंदिरा ज्योति यात्रा के आगमन पर आयोजित विचार गोष्ठी उपरांत सामाजिक चिंतक भास्कर राव रोकड़े को शहर के प्रतिष्ठित लेखक एवं कांग्रेस के युवा नेता डॉ. के के चौहान “नीर” द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी की तस्वीर स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की।
डॉ. चौहान ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि देश प्रदेश की पुरानी पीढ़ी तो कांग्रेसी महापुरुषों और कांग्रेस के बलिदानों, उपलब्धियों एवं राष्ट्रीय विकास हेतु किए गए योगदानों के बारे में जानती है लेकिन नई युवा पीढ़ी को इस संबंध में लिखित दस्तावेज़ों और मौखिक प्रचार माध्यमों से अवगत कराने की जिम्मेदारी हम सब कांग्रेसीजनों की है ताकि सत्ता वापसी का रास्ता संभव कराने हेतु पार्टी को युवाजनों के मत तथा अभिमत सरलता और सहजता से प्राप्त हो सकें। इस संबंध में वरिष्ठ नेताओं द्वारा भी कोई ठोस कार्ययोजना तैयार कर जल्द ही लागू कराई जानी चाहिए। कांग्रेस हित में ऐसे तथ्यों और कथ्यो के समुचित प्रचार प्रसार की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश के समूचे विधानसभा क्षेत्रों में विधायक टिकट के दावेदारों को भी उठानी होगी ताकि क्षेत्रीय मतदाताओं का कांग्रेस पार्टी की ओर ध्यानाकर्षण मजबूती से कराया जा सकता है।
डॉ चौहान के साथ इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेंद्र सिंह तोमर, संगठन जिला महामंत्री इब्राहिम पठान, कार्यकारी जिलाध्यक्ष वीरसिंह तोमर, महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति सिंह, शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र राजावत, सफाई कामगार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रमेश मौरे के अतिरिक्त अन्य कार्यकर्तागण भी उपस्थित थे।
