युवा संसद प्रतियोगिता में गूंजे लोकतंत्र और जनसरोकार के मुद्दे

भोपाल। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, भोपाल में सोमवार को संभाग स्तरीय 37वीं युवा संसद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में भोपाल संभाग के आठ केंद्रीय विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें 168 बालक, 259 बालिकाएं और 43 अनुरक्षक शामिल हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राज्यसभा सांसद रघुनंदन शर्मा, केंद्रीय विद्यालय संगठन भोपाल संभाग की सहायक आयुक्त निर्मला बुड़ानिया और केंद्रीय विद्यालय बैरागढ़ के प्राचार्य मनीष कुमार तुली ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और कश्मीरी नृत्य की प्रस्तुति दी। विद्यालय के प्राचार्य गौरव कुमार द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि रघुनंदन शर्मा ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र आसानी से हासिल नहीं हुआ है। स्वतंत्रता संग्राम में पूर्वजों ने संघर्ष किया। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतंत्र को समझने और उसके मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

युवा संसद के पहले सत्र में केंद्रीय विद्यालय बैतूल, क्रमांक-3 भोपाल, क्रमांक-2 ग्वालियर, क्रमांक-1 इंदौर और क्रमांक-2 भोपाल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सत्र की शुरुआत डॉ. सुभाष कश्यप को श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई।

इसके बाद श्रमिकों के बुनियादी अधिकार, आजीविका और सुरक्षा, डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति, बाढ़ से तबाही, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों जैसे मुद्दों पर विद्यार्थियों ने चर्चा और बहस की। प्रतियोगिता के नियम रूपा अजीत श्री राय ने बताए, जबकि संचालन माधुरी राजगुरु ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

Next Post

बंडा शराबकांड में MP-UP पुलिस आमने-सामने, ललितपुर कनेक्शन पर बढ़ा विवाद ; अब मजिस्ट्रियल जांच से खुलेगा राज

Mon Sep 7 , 2026
सागर। बंडा शराबकांड में अब मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश पुलिस के दावे आमने-सामने हैं। सागर पुलिस की प्रारंभिक जांच में कथित अवैध शराब के तार ललितपुर से जुड़े होने की बात सामने आई, जिस पर ललितपुर पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर इसे लेकर सवाल उठाए हैं। ललितपुर पुलिस का […]

You May Like