कोर्ट में चुनावी याचिका खारिज, परिसर में बार चुनाव का संग्राम तेज

ग्वालियर: हाईकोर्ट परिसर में इन दिनों दो मोर्चों पर हलचल है। एक तरफ बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच जोड़-तोड़ और समर्थन जुटाने का दौर चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ चुनाव प्रक्रिया को चुनौती देने वाली याचिका पर हाईकोर्ट का फैसला भी सामने आ गया है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने 25 नवंबर को प्रकाश कुमार मिश्र बनाम स्टेट ऑफ एमपी एडवोकेट्स बार काउंसिल व अन्य (WP-49095-2026) मामले में चुनाव संबंधी याचिका खारिज कर दी। न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ ने स्पष्ट किया कि केवल नामांकन पत्र खारिज होने की आशंका पर रिट याचिका पोषणीय नहीं है। कोर्ट ने कहा कि ग्वालियर हाईकोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन संविधान के अनुच्छेद 12 के तहत राज्य की श्रेणी में नहीं आता और स्टेट बार काउंसिल को स्थानीय बार एसोसिएशन के चुनाव में हस्तक्षेप का वैधानिक अधिकार नहीं है। नामांकन खारिज होने पर सिविल वाद का विकल्प खुला है, लेकिन शुरू हो चुकी चुनाव प्रक्रिया नहीं रोकी जा सकती।

उधर, चुनावी मैदान में प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। 26 नवंबर को नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद से पवन पाठक, सचिव पद से चैन सिंह राजपूत और कार्यकारिणी सदस्य पद से संजय सिंह लोधी ने नाम वापस ले लिए। अध्यक्ष पद के छह दावेदार अच्युत शर्मा उर्फ रिंकू,अरुण कुमार पटेरिया, प्रेम सिंह भदौरिया, पुरूषोत्तम भार्गव ,रविन्द्र सिंह कुशवाह (रवि) और सरनाम सिंह कुशवाह एडवोकेट में अरुण कुमार पटेरिया और प्रेम सिंह भदौरिया के बीच मुकाबले की चर्चा है। कोषाध्यक्ष पद पर पांचों प्रत्याशी महिलाएं हैं, जिनमें अंजना रवि वल्लभ त्रिपाठी और शबनम बानो खान (अली) की दावेदारी चर्चा में है।

नवभारत प्रतिनिधि से चर्चा में चुनाव अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नाम वापसी के बाद कुल 86 प्रत्याशी चुनाव में भाग ले रहे हैं। कार्यकारिणी में कुल पदों की संख्या 9 है जो 6 पुरुषों के लिए एवं तीन पर महिलाओं के लिए रेफरेंस दिया गया है। इसका तात्पर्य यह है कि 6 पुरुष वर्ग के अभ्यर्थियों को चुना जाएगा।शेष तीन पदों पर जो अत्यधिक मत प्राप्त करने वाली महिला उम्मीदवार होगी उनको घोषित माना जाएगा। हाई कोर्ट बार के चुनाव में केवल एक पद पूर्णता रिजर्व है। वह कोषाध्यक्ष का है उसे पद पर केवल महिला प्रत्याशी को ही उम्मीदवार बनाया गया है।

वहीं कार्यकारिणी के 44 प्रत्याशियों सहित विभिन्न पदों पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। चैंबरों से लेकर चाय की दुकानों तक चुनावी गुणा-भाग जारी है। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि अधिवक्ताओं का समर्थन किसे मिलता है और बार की कमान किसके हाथ आती है।

चुनावी रण में दावेदारों की फौज, हाईकोर्ट ने भी साफ की कानूनी स्थिति

बार चुनाव की बड़ी बातें
– अध्यक्ष पद: 6 प्रत्याशी मैदान में, पटेरिया-भदौरिया के बीच मुकाबले की चर्चा।
– कोषाध्यक्ष: पांचों प्रत्याशी महिलाएं, अंजना त्रिपाठी और शबनम बानो के बीच दिलचस्प मुकाबला।
– आरक्षण: 6 पुरुषों के लिए एवं तीन पर महिलाओं के लिए रेफरेंस।
– कार्यकारिणी: 44 प्रत्याशी आजमा रहे किस्मत।
– नाम वापसी: पवन पाठक, चैन सिंह राजपूत और संजय सिंह लोधी ने नाम वापस लिए।

हाईकोर्ट का अहम फैसला
– केवल नामांकन खारिज होने की आशंका पर रिट याचिका पोषणीय नहीं।
– स्थानीय बार एसोसिएशन अनुच्छेद 12 के तहत ‘राज्य’ नहीं।
– स्टेट बार काउंसिल को स्थानीय चुनाव में हस्तक्षेप का वैधानिक अधिकार नहीं।
– नामांकन खारिज होने पर सिविल वाद का विकल्प उपलब्ध।
– शुरू हो चुकी चुनाव प्रक्रिया पर रोक नहीं लगाई जा सकती।

Next Post

नवोदय परीक्षा देने पिकअप में ठूंसकर पहुंचे छात्र

Sun Nov 29 , 2026
सिंगरौली: बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने निकले पांचवीं कक्षा के मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। चितरंगी स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परीक्षा केंद्र पर बच्चे मालवाहक पिकअप में ठूंसकर पहुंचाए गए। परीक्षा देने आए बच्चों को इस तरह […]

You May Like