
सिंगरौली। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को सिंगरौली पुलिस ने कचनी स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों के मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए।
पुलिस ने बताया कि शराब दुकान के बाहर सड़क पर वाहन खड़े किए जाने से अक्सर जाम जैसी स्थिति बन जाती है। इससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर वाहन खड़ा न करने की समझाइश भी दी।
पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर यातायात बाधित करने वाले वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमित रूप से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था व्यवस्थित बनी रहे।
