इंदौर: महू के बड़गोंदा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां अज्ञात हमलावर ने जेठ व बहु पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी. घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. एसीपी रुपेश दिवेदी का कहना है कि पुलिस को प्रारंभिक जांच में पारिवारिक रंजिश और संपत्ति विवाद की आशंका लग रही है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.
घटना की सूचना मिलते ही बड़गोंदा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतकों की पहचान जेठ ओमकार व बहु सावित्री के रूप में हुई है, जिन पर सोते वक्त या सुबह घर में घुसकर हमला किया. पुलिस को घटनास्थल से कुल्हाड़ी बरामद हुई है, जिससे वारदात को अंजाम दिया.
मामले में बड़गोंदा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले का कहना है कि फिलहाल पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आस-पड़ोस से पूछताछ की जा रही है और रिश्तेदारों तथा परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है कि कहीं किसी से पुराना विवाद तो नहीं था. वहीं, एफएसएल टीम भी मौके पर जांच के लिए पहुंची है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके.
