भिंड: औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर में आयोजित इंटर इंडस्ट्रीज 20-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में बेहद रोमांचक मुकाबले हो रहे हैं। चार टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गईं, जबकि आठ टीमों ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया। सुबह की पाली में खेले गए मैच में सूर्या रोशनी ने और गोदरेज की टीम आमने-सामने रहीं।
सूर्या रोशनी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संघर्षपूर्ण शुरुआत की, लेकिन गोदरेज कंपनी के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्हें 12 ओवर 1 गेंद में ऑल आउट कर दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए गोदरेज की टीम ने संयमित बल्लेबाजी की। हालांकि बीच में विकेट गिरते रहे, फिर भी टीम ने 13 ओवर 5 गेंद में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।
दूसरे राउंड में टेवा और विक्रम वूलेंस के बीच मुकाबला हुआ। टेवा कंपनी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 152 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
जवाब में विक्रम वूलेंस की टीम लक्ष्य का दबाव नहीं झेल सकी और 15 ओवर 4 गेंद में मात्र 85 रन पर ऑल आउट हो गई। इस प्रकार टेवा कंपनी ने शानदार जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
