मुंह बोले भाई ने लूटा साथी के साथ मिलकर उड़ाए लाखों के जेवर

इंदौर. रिश्तों का भरोसा तोड़ने वाली एक बड़ी वारदात का खुलासा हीरानगर पुलिस ने एक प्रेस वार्ता में किया है. महिला के घर से लाखों के सोने के गहने उड़ाने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका मुंहबोला भाई ही निकला, जिसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था. दोनों आरोपी चोरी के शौक के पीछे नशे की लत को वजह बता रहे हैं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोने का हार और चेन समेत करीब 3.80 लाख रुपए कीमती जेवरात बरामद कर लिए हैं.

घटना 10जून को सामने आई थी, जब फरियादिया पार्वती (परिवर्तित नाम) ने हीरानगर थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके घर के किचन में रखे डिब्बे से एक सोने की चेन और हार गायब हो गया है. महिला ने आशंका जताई कि इस वारदात में उसके मुंहबोले भाई सुमित नागर और उसके दोस्त शुभम (संतोष) अहीर का हाथ हो सकता है. दोनों हाल ही में उसके घर आए थे और संदिग्ध हालात में बिना बताये चले गए थे। घटना के बाद से सुमित फरियादिया के कॉल भी रिसीव नहीं कर रहा था. हीरानगर पुलिस ने शिकायत पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. थाना प्रभारी पप्पूलाल शर्मा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की थी, वहीं क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मुखबिरों को सक्रिय किया. इस बीच मंगलवार 24 जून को एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि दोनों संदेही सत्यम विहार कॉलोनी की ओर जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को संदिग्ध हालत में पकड़ लिया. आरोपी शुभम उर्फ संतोष अहीर पिता संतोष अहीर, उम्र 24साल, निवासी ग्राम भिलाडिया कला, सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम. तथा सुमित नागर पिता शैतान सिंह नागर, उम्र 21 साल, निवासी ग्राम भिलाडिया कला, सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम है. पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात को कबूल कर ली, पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए सोने का हार और चेन जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब 3 लाख 80 हजार रुपए बताई जा रही है. पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए ही उन्होंने गहनों की चोरी की योजना बनाई थी. पुलिस अब दोनों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है, जिससे और मामलों का खुलासा होने की संभावना है.

Next Post

धूमधाम से निकला बाबा बर्फानी का चल समारोह

Thu Jun 26 , 2025
ग्वालियर। वर्ष 2025 में होने जा रही अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू हो रही है, ग्वालियर की श्री बाबा बर्फानी हर-हर महादेव सेवा समिति का चौथा लंगर मनीग्राम बैस कैम्प में लगने जा रहा है, जिसके लिए लंगर सामग्री ट्रक के माध्यम से रवाना की गयी, जिसके पहले अचलेश्वर […]

You May Like