NH-39 पर केमिकल टैंकर और फ्लाई ऐश बल्कर की आमने-सामने टक्कर, चालक घायल

सिंगरौली जिले के जियावान थाना क्षेत्र में स्थित देवसर नेशनल हाईवे क्रमांक 39 पर आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। केमिकल से भरे टैंकर और फ्लाई ऐश का परिवहन कर रहे बल्कर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि केमिकल टैंकर का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में टैंकर चालक सुरेश कुमार को मामूली चोटें आई हैं, जबकि बड़ा नुकसान वाहन को पहुंचा है।

हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन हाईवे पर तेज गति से गुजर रहे थे, इसी दौरान अचानक आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जियावान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक सुरेश कुमार को तत्काल देवसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि चालक की हालत फिलहाल सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।

हादसे के बाद फ्लाई ऐश परिवहन कर रहे बल्कर का चालक मौके से ट्रक सहित फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में जुट गई है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हादसे के कारण NH-39 पर कुछ देर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस टीम ने सुचारू करवा दिया।

Next Post

बीएचईएल में ओपन टेनिस टूर्नामेंट का सफल समापन

Mon Nov 17 , 2025
भोपाल: बीएचईएल ऑफ़िसर्स क्लब, भोपाल में आयोजित ओपन टेनिस टूर्नामेंट का हाल ही में भव्य समापन हुआ। चार दिनों तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल-कौशल का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में बीएचईएल भोपाल के महाप्रबंधक एवं यूनिट प्रमुख प्रदीप कुमार उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप […]

You May Like