
रीवा। शहरवासियों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर की अनूठी पहल के अंतर्गत शहर में 5 आधुनिक आरओ वाटर एटीएम प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं.
जिसका लोकार्पण अस्पताल चैक में महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा’ की गरिमामयी उपस्थिति में घनपत साहू द्वारा विधिवत रूप से किया गया.इस अवसर पर महापौर अजय मिश्रा ‘बाबा’ ने कहा कि नगर निगम रीवा द्वारा शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुलभ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मध्यप्रदेश का पहला आधुनिक सुविधाओं से लैस आरओ वाटर एटीएम स्थापित किया जा रहा है. यह पहल न केवल जनसुविधा को बढ़ाएगी, बल्कि गर्मियों के मौसम में राहगीरों और शहरवासियों को स्थायी रूप से शीतल जल उपलब्ध कराएगी.उन्होंने यह भी कहा कि यह नगर निगम के लिए सौभाग्य की बात है कि जनता के टैक्स के पैसे से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने हेतु यह नि:शुल्क व्यवस्था की गई है. उन्होंने इन वाटर एटीएम की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी भी साझा की. इस अवसर पर एमआईसी सदस्य श्रीमती रमा दुबे, गुलाम अहमद, सहायक यंत्री अभिनव चतुर्वेदी, पूर्व पार्षद लखनलाल खण्डेलवाल, अशोक पटेल, रामप्रकाश तिवारी, अमित चतुर्वेदी, निजावत खान, संजय पाण्डेय उपस्थित रहे. नगर निगम क्षेत्रांतर्गत वर्तमान में 5 आरओ वाटर एटीएम नगर निगम, अस्पताल चौक, सिरमौर चौक एवं बस स्टैंड में स्थापित किए जा चुके हैं. इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर 7 नए आरओ वाटर एटीएम शीघ्र ही स्थापित किए जाएंगे. कुल 12 वाटर एटीएम लगाने का लक्ष्य है.
