भोपाल। राजधानी में बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के दलों ने कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की. जहां से दल ने खाद्य दूध सहित अन्य खाद्य सामग्री के जांच हेतु नमूने प्राप्त किए. जानकारी के अनुसार खाद पदार्थों में मिलावट व खराब खाद्य पदार्थों के परोसे जाने की मिलने वाली शिकायतों को लेकर जिला खाद्य सुरक्षा दल ने सख्ती शुरू कर दी है. इसी के चलते शहर के अलग अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमार कार्रवाई की. इस दौरान डेयरियों पर कार्रवाई करके दूध,दही,पनीर, घी सहित अन्य पदार्थों के 20 सैंपल लिए. जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया. अब जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. जोमैटो हाइपरप्योर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा एक्सपायर दूध और उससे बने उत्पादों के निस्तारण (डिस्पोजल) से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर जांच शुरू की गई. यह कंपनी ब्लिंकिट समेत अन्य ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स और व्यावसायिक ग्राहकों को दूध व अन्य खाद्य सामग्री की सप्लाई करती है. जांच में पता चला कंपनी नियर-एक्सपायरी श्रेणी के उत्पादों को वापस तो लेती है, पर नष्ट किए गए पदार्थों का रिकॉर्ड पेश नहीं करती. यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में अधिकारी पंकज श्रीवास्तव, साधना सक्सेना, अरुण कुमार पटेल, जगदीश प्रसाद और जगदीश विश्वकर्मा की टीम ने की.
कैंटीनों से जांच हेतु लिए नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग दल ने छापेमार कार्रवाई में बैरागढ़ व ईंटखेड़ी स्थित प्रमुख डेयरियों के अलावा प्राप्त शिकायतों के आधार पर जोमैटो हाइपरप्योर से अमूल ब्रांड के दूध व पनीर के पांच नमूनों के साथ-साथ राधा कृष्णा डेयरी, श्री कृष्णा डेयरी, सौरभ पॉइंट, महादेव गंगे डेयरी और बॉम्बे दूध डेयरी से दूध, पनीर, दही व घी के सैंपल एकत्रित कए गए. कैंटीन से भी घी, बेसन, नमक और इमली के सैंपल लिए गए.
