किसान को न्याय दिलाने बरसते पानी में निकले सैकड़ों किसान

सीहोर। ग्राम बड़बेली में करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हुए किसान सतीश मेवाड़ा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को भारी बारिश के बीच किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया.

किसानों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर वंदना राजपूत, एसडीएम तन्मय वर्मा, सीएसपी अभिनंदना शर्मा तथा अधीक्षण यंत्री सुश्री पूनम तुमराम को ज्ञापन सौंपते हुए बताया गया कि 18 जून को ग्राम बड़बेली निवासी किसान सतीश मेवाड़ा खेत में ट्रैक्टर से कृषि कार्य कर रहे थे. इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए. किसानों का आरोप है कि लाइन और पोल की खराब स्थिति की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन विद्युत विभाग ने समय रहते सुधार नहीं किया. हादसे में सतीश मेवाड़ा का एक हाथ काटना पड़ा, एक पैर भी प्रभावित हुआ है.

इधर ग्राम सेमरा दांगी के किसान राकेश वर्मा और अशोक वर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर डरा-धमकाकर कोरे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया है. दोनों किसानों ने शपथपत्र देकर कहा कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर हस्ताक्षर कराए गए. उन्होंने ऐसे हस्ताक्षरों को अमान्य घोषित करने तथा अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

किसानों ने प्रशासन से पीडि़त किसान के संपूर्ण इलाज का खर्च विद्युत विभाग से दिलाने, 25 लाख रुपये मुआवजा, दिव्यांग हो चुके सतीश मेवाड़ा को सरकारी नौकरी तथा जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शन में अनेक ग्रामों से आए ग्रामीण मौजूद थे.

Next Post

यदुवंशी हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

Sat Jul 4 , 2026
रेहटी। ग्राम मेहगांव जदीद में युवक संदीप यदुवंशी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कार और डंडे भी बरामद कर लिए हैं. गौरतलब है कि मृतक संदीप यदुवंशी की बहन रमाबाई ने गुरुवार को […]

You May Like