पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत पर की सुनवाई, त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के दिए निर्देश

सीधी। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में आज दिनांक 09 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सीधी में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए 100 से अधिक आवेदकों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं प्रस्तुत कीं। पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रत्येक शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान भूमि एवं संपत्ति विवाद, पारिवारिक विवाद, महिला संबंधी शिकायतें, साइबर अपराध, मारपीट, धोखाधड़ी, राजीनामा संबंधी प्रकरणों तथा अन्य कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित पक्ष को समयबद्ध राहत प्रदान की जाए।

महिला, वरिष्ठ नागरिक एवं कमजोर वर्गों के मामलों पर विशेष फोकस-

पुलिस अधीक्षक ने महिला अपराध, वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों तथा कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। जनसुनवाई के दौरान पूर्व की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। संबंधित थाना प्रभारियों एवं विवेचना अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने तथा शिकायतकर्ताओं को नियमित रूप से प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस और जनता के बीच विश्वास का सशक्त मंच-

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि

जनसुनवाई आमजन और पुलिस के बीच सीधे संवाद का एक प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक नागरिक की समस्या को सुनना और उसका विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। सीधी पुलिस पारदर्शी, संवेदनशील एवं जन-केंद्रित पुलिसिंग के माध्यम से आमजन के विश्वास को और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनसुनवाई कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) सुजीत कड़वे, थाना प्रभारी अजाक निरीक्षक रामलोटन साकेत, थाना प्रभारी जमोड़ी उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, थाना कोतवाली उनि प्रीति वर्मा एवं महिला थाना उनि राजमणि वर्मा उपस्थित रहे। जिले के अन्य पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

Next Post

5 करोड़ मूल्य की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त, जिला प्रशासन की बड़ी कार्यवाही

Tue Jun 9 , 2026
मंदसौर। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए तहसील गरोठ के ग्राम कुरलासी में लगभग 5 करोड़ रुपये बाजार मूल्य की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गरोठ राहुल चौहान ने […]

You May Like