जबलपुर: कृषि विभाग की टीम ने बुधवार को पनागर विकासखंड में बीज एवं उर्वरक विक्रेताओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों के लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान चंबल फर्टिलाइज़र, एग्रो स्टार एवं विवेक बीज भंडार से बीज एवं उर्वरक के नमूने संकलित कर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए।
वहीं, नियमों के उल्लंघन पर वी.के. ग्रुप बेलखाडू एवं कृषि धन एग्रो को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। कृषि अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने, अभिलेख अद्यतन रखने तथा किसानों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस कार्यवाही में सहायक संचालक कृषि रवि आम्रवंशी, अनुविभागीय कृषि अधिकारी प्रतिभा गौर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी डॉ. पंकज शर्मा, कृषि विस्तार अधिकारी जी.पी. मांझी, सुजाता एवं विजय परसवार उपस्थित रहे।
