सिंगरौली : जिला मुख्यालय बैढ़न के बैढ़न-विंध्यनगर मार्ग वोल्वो के सामने कई दिनों से सड़क पर हजारों लीटर पानी दिन भर बह रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन जिम्मेदार अधिकारी निकल रहे हैं। लेकिन इस अमृत जल को सजोने का काम करने में असफल साबित हो रहे हैं। जिस तरह से पानी को सड़क पर बर्बाद किया जा रहा है, आखिर गर्मी के दिनों में कहां से पानी पिलाओगे।
आलम यह है कि विंध्यनगर मार्ग के वोल्वो के सामने कई दिनों से अमृत जल की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के वजह से सड़क पर प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। कितना पानी बह गया, कोई लेखा-जोखा नही है। यहां तक कि मुख्यालय के कई ऐसे मार्ग हैं, जहां पानी सप्लाई लाइन की पाइप टूटी हुई है और पानी प्रतिदिन व्यर्थ बह रहा है। आज तो ठीक है, लेकिन आने वाला जो वक्त गर्मी का है, जहां बूंद-बूंद पानी के लिए शहरी क्षेत्र के कई ऐसे इलाके हैं, जो तरसते हैं।
उस समय पानी के लिए हाय-तौबा मच जाता है। ऐसे हालात से निपटने के लिए हमे पानी को सजोना पड़ेगा। जिला मुख्यालय के नगरीय क्षेत्र में कई जगह पाइप लाइन सप्लाई की पाइप फूटी हुई है। वार्ड क्रमांक 38 के पार्षद अनिल कुमार बैस ने बताया कि कई दिनों से पाइप लाइन सप्लाई की टूटी हुई है। इस मार्ग से सभी अधिकारियों का आना-जाना होता है। सड़क पर प्रतिदिन कई हजार लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। जिसकी जानकारी अधिकारियों को दी जा चुकी है।
