आलीराजपुर:मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 का जिले में शुक्रवार को ग्राम सोरवा से शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत अब प्रत्येक शुक्रवार को 20 जनवरी 2027 तक जिले के विभिन्न क्लस्टरों की ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ देने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।
शुभारंभ कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और सुशासन को अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय अधिकारी सीधे गांवों में पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिविरों में जाति प्रमाण-पत्र, भूमि बंटवारा, प्रधानमंत्री आवास योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही परिवार और क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला है।
कैबिनेट मंत्री ने युवाओं से मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, कौशल विकास और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को प्रतिमाह 8 से 10 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। किसानों से सहकारिता बैंक के माध्यम से किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने तथा कृषि के साथ पशुपालन अपनाकर आय बढ़ाने की भी अपील की।
कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के कुल 710 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 544 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। राजस्व विभाग के 45, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 446, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 22, सामाजिक न्याय विभाग के 155, श्रम विभाग के 10, महिला एवं बाल विकास विभाग के 12 तथा खाद्य विभाग के 20 आवेदन प्राप्त हुए। पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत, पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर श्री सोहन कनाश, एसडीएम सुश्री निधि मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
