सतना : कुछ दिन पहले परिवार में एक लडक़े की मौत के चलते घर के निकट स्थित तालाब में स्नान के दौरान एक हादसा हो गया. तालाब में गिरी पत्नी को बचाने के लिए पति भी कूद गया. पत्नी को तो बचा लिया गया लेकिन पानी में डूबने से पति की मौत हो गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के उचेहरा थाने की परसमनियां चौकी क्षेत्र अंतर्गत परसमनिया में तालाब में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई.
बताया गया कि परसमनिया निवासी एक गोंड परिवार में कुछ दिन पहले एक लडक़े का निधन हो गया था. जिसके चलते परिवार के सदस्य सोमवार को घर के निकट स्थित तालाब में स्नान करने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान वहां पर स्नान करने के लिए गई महिला श्रीमती अंजू गोंड़ अचानक तालाब में जा गिरी. जिसे पानी में डूबता देख उसका पति राज बहादुर सिंह पिता किशोर उम्र 35 वर्ष भी तालाब में कूद गया.
हलांकि कड़ी जद्दोजहत करते हुए उसने पत्नी को तो बचा लिया. लेकिन देखते ही देखते वह स्वयं पानी में डूब गया. घटना होती देख आस पास मौजूद लोगों ने तालाब में छलांग लगा दी. आनन-फानन में राज बहादुर को पानी से बाहर निकाला गया. उस दौरान राजबहादुर के शरीर में कुछ हलचल होती नजर आई. जिसके चलते उसे फौरन ही उपचार के लिए उचेहरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
जहां पर जांव करने पर चिकित्सक द्वारा राबहादुर को मृत घोषित कर दिया गया. इस घटना की जानकारी सामने आते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया. वहीं मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया
