रिहायशी बस्ती में जंगली जानवर की आहट

सीहोर। अब तक जिला मुख्यालय से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में हिंसक जंगली जानवर देखे जाने की अनेक घटनाएं सामने आ चुकी हैं. हालांकि अब तक एक भी जानवर नहीं पकड़ा जा सका है. इधर बीती रात शहर की हाउसिंग बोर्ड कालोनी के पिछले हिस्से में तेंदुए की मौजूदगी की खबर आग की तरह फैल गई. वन विभाग का अमला भी मौके पर पहुंचा और पटाखे भी चलाए. कालोनी के लोगों ने रात भर पहरा दिया. वन विभाग के अधिकारियों की मानें तो लोगों को भ्रम हुआ होगा. इसके बाद भी लोगों को सजग रहने की सलाह दी गई है.

गौरतलब है कि बीते कई दिनों से जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुआ देखे जाने की बात ग्रामीणों द्वारा की जा रही हैं. बीते दिनों अहमदपुर, सिराड़ी, गोलूखेड़ी, नीलबड़, नयापुरा और ग्राम चौंडी में तेंदुए तो बुधनी के बगवाड़ा में बाघ- बाघिन देखे जा चुके हैं. वन विभाग द्वारा कई जगहों पर पिंजरे भी लगाए गए, लेकिन तेंदुआ कैद नहीं हो सका. इसी तरह सग्राम जमनी पड़ली गांव में कुछ दिन पहले एक तेंदुआ अपने बच्चों के साथ खुलेआम घूमता नजर आया था. ग्रामीणों द्वारा तेंदुए का वीडियो भी बनाया गया था. वन विभाग की टीम ने सर्चिंग अभियान भी चलाया था, लेकिन अब तक किसी तेंदुए अथवा बाघ को नहीं पकड़ा जा सका है. इधर बीती रात शहर के हाउसिंग बोर्ड कालोनी के समीप तेंदुआ घूमता पाए जाने की खबर ने कालोनी में सनसनी का माहौल निर्मित कर दिया. जैसे ही तेंदुआ दिखने की खबर फैली, फेसबुक और स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप पर चेतावनी के संदेशों की बाढ़ आ गई. लोग एक जानवर की तस्वीर शेयर करते हुए दावा करने लगे कि यह हाउसिंग बोर्ड के पास ही देखा गया है. जिसके बाद वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई.

वन विभाग की टीम ने चलाया सर्चिंग ऑपरेशन

सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम हरकत में आई . मौके पर पहुंचे वन विभाग के महेन्द्र श्रीवास्तव, विशाल नामदेव और रविन्द्र श्रीवास्तव ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर पूरी रात क्षेत्र में सर्चिग ऑपरेशन चलाया. जानवर को आबादी से दूर खदेडऩे के लिए कई जगहों पर पटाखे भी चलाए गए. हालांकि अंधेरा होने के कारण किसी बड़े हिंसक जानवर की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो पाई है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध पगमार्क दिखाई दें तो तुरंत उसकी फोटो खींचकर वन विभाग को सूचित करें. इसके बाद भी कालोनीवासी पूरी रात सोए नहीं और पूर्व पार्षद मनोज गुजराती, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती के साथ कालोनी में पहरा देते रहे. हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाए और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

ग्रामीण क्षेत्रों में भी दे रहे रात दिन पहरा

पिछले करीब एक पखवाड़े से सीहोर जिले के एक दर्जन से अधिक गांवों में तेंदुए की मौजूदगी की खबरें सामने आ रही हैं. कहीं वह खेतों में देखा गया, कहीं गांव की गलियों के पास और कहीं जंगल से सटे इलाकों में. ग्रामीण रात-रात भर जागकर पहरा दे रहे हैं. महिलाएं और बच्चे खास तौर पर भयभीत हैं और शाम ढलते ही घरों में कैद हो जाते हैं. हाल ही में ग्राम धबोटी के जंगल में तेंदुए ने एक ग्रामीण को गंभीर रूप से घायल कर दिया था. इसके अलावा उजरखेड़ा में एक गाय का शिकार बाघ द्वारा किए जाने के दावों के साथ ग्रामीण सतत रात- दिन पहरा दे रहे हैं तो खेतों पर भी रात को जाना लगभग बंद कर दिया है.

 

 

Next Post

एनएसयूआई ने उच्च शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन

Sat Jan 31 , 2026
भोपाल। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार को छात्र हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन एनएसयूआई प्रदेश सचिव अमन पठान के नेतृत्व में […]

You May Like