इंदौर: छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते तीन युवकों ने दो भाइयों को रास्ते में रोककर हमला कर दिया. आरोपियों ने एक युवक को पकड़कर उसकी पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.थाना प्रभारी संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि घटना रविवार देर रात की है, एमओजी लाइन स्थित कलाली के सामने ट्रैक्टर सेक्शन क्षेत्र में हुई. फरियादी प्रकाश बैरागी अपने छोटे भाई राकेश के साथ बाइक से महू नाका से घर लौट रहा था.
इसी दौरान जबरन कॉलोनी निवासी अमर, मोंटी और उनका साथी प्रेम उर्फ मौसा ने उनका पीछा कर रास्ता रोक लिया. आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की. विरोध करने पर मोंटी और प्रेम ने प्रकाश को पकड़ लिया, जबकि अमर ने चाकू निकालकर उसकी पीठ पर दो-तीन वार कर दिए। हमले में प्रकाश लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई राकेश के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की. वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए, पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरु की.
