इंदौर:सुदामा नगर में सूने मकान में हुई नकबजनी का खुलासा करते हुए एक शातिर बदमाश और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपए कीमत के चोरी गए चांदी के सिक्के और आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है. मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं.मंगलवार 30 जून को सुदामा नगर निवासी रूपेश साहू ने अन्नपूर्णा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सोमवार 29 जून की रात वह परिवार के साथ शहर से बाहर गए हुए थे.
इसी दौरान बदमाशों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. फुटेज में आरोपी मोटरसाइकिल से आते और वारदात के बाद उसी वाहन से फरार होते दिखाई दिए. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और पुराने संपत्ति अपराधियों की पड़ताल के आधार पर घेराबंदी कर गौरव भलसे और उसके नाबालिग साथी को पकड़ लिया.
परिचित से बाइक मांगकर दिया था वारदात को अंजाम
पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली. उनकी निशानदेही पर 15 चांदी के सिक्के, 10 जोड़ी बिछुए, चार चांदी की चूड़ियां, दो जोड़ी पायल, एक चांदी का बिस्किट तथा वारदात में उपयोग मोटरसाइकिल बरामद की गई. बरामद मशरूका की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई है. आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए परिचित से मोटरसाइकिल लेकर उसका इस्तेमाल किया था.
मुख्य आरोपी पर पहले से भी दर्ज हैं अपराध
मुख्य आरोपी गौरव भलसे के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से भी चोरी और संपत्ति संबंधी अपराध दर्ज हैं. मामले में थाना प्रभारी हितगोपाल यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया. उससे अन्य नकबजनी और चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
