बैतूल: गंज क्षेत्र की संकरी पुलियाओं को चौड़ा करने के लिए नगरपालिका ने योजना तो तैयार कर ली है, लेकिन सेंट्रल स्कूल से करबला तक प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलने से काम फिलहाल ठप पड़ा है। पुलिया निर्माण के लिए पाइप सामग्री भी मौके पर पहुंच चुकी है, बावजूद इसके काम आगे नहीं बढ़ पाया है।गंज क्षेत्र में कुल तीन संकरी पुलियाएं यातायात में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई हैं। इनमें जायका रेस्टोरेंट के पास स्थित पुलिया की हालत सबसे खराब है। यह पुलिया टूट-फूट चुकी है और महज 8 फीट चौड़ी होने के कारण यहां से एक समय में केवल एक ही वाहन निकल पाता है।
आसपास होटल और बड़े शोरूम होने से दिनभर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है।इसी तरह भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के पास स्थित पुलिया भी समस्या का कारण बनी हुई है। यहां बड़े आयोजनों के दौरान सैकड़ों वाहन पहुंचते हैं, जिससे संकरी और जर्जर पुलिया पर यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो जाता है। कांतिशिवा चौक से भाजपा भवन तक का ट्रैफिक अक्सर रुक-रुककर चलता है, जिससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मैकेनिक चौक के पास बस स्टैंड होने के कारण ट्रक, बस और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। संकरी पुलियाओं पर दो वाहन एक साथ क्रॉस नहीं हो पाने से आए दिन छोटे-छोटे जाम लगते हैं और यातायात बुरी तरह प्रभावित होता है।नगरपालिका अधिकारियों के अनुसार, गंज क्षेत्र में आवागमन सुगम बनाने के लिए शहरी सुधार कार्यक्रम के तहत 27.75 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इस प्रस्ताव को तकनीकी स्वीकृति तो मिल चुकी है, लेकिन अब तक वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली है। नपा का कहना है कि यदि सड़क के लिए फंड मिल जाता, तो सड़क और पुलिया दोनों का निर्माण एक साथ कर लिया जाता, जिससे अतिरिक्त खर्च से भी बचा जा सकता था। फिलहाल, सड़क के लिए राशि नहीं मिलने के कारण पुलिया को अलग से बनाने पर विचार किया जा रहा है।
अधिकारियों का मानना है कि सड़क और पुलिया चौड़ी होने के बाद गंज क्षेत्र में ट्रैफिक को बड़ी राहत मिलेगी। प्रस्तावित सड़क सेंट्रल स्कूल से करबला तक टू-लेन होगी, जो अंडरब्रिज और नागपुर नाका होते हुए करबला ब्रिज तक जाएगी। करीब 2850 मीटर लंबी और 24 मीटर चौड़ी इस सड़क में डिवाइडर, सेंट्रल पोल से विद्युतीकरण, दोनों ओर पक्की नाली, फुटपाथ और यूटिलिटी डक्ट का निर्माण प्रस्तावित है। इसके पूरा होने पर आठनेर, बड़ोरा और करबला ब्रिज-तितली चौराहा से फोरलेन की सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
इनका कहना है
पुलिया निर्माण के लिए प्लान बनाया गया है। लेकिन अभी सड़क के लिए फंड नहीं मिला है। हम बाह रहे है कि सडक के लिए भी फंड आ जाता तौ सहक और पुलिया का निर्माण साथ-साथ हो जाता लेकिन वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलने से अब पुलिया अलग से बनाने पर विचार किया जायेगा। जो पाइप आये है, वह ठेकेदार के है।
नीरज बुर्वे, पई, नगरपालिका बैतूल
