इंदौर:कनाड़िया थाना क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई. युवक काम खत्म करने के बाद बाइक से अपने ससुराल जा रहा था, तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी. गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि घटना गुरुवार रात करीब 9.30 बजे ग्राम बुराड़ाखेड़ी के पास हुई. हादसे में 40 वर्षीय मनीष गोयल पिता मनोज गोयल निवासी दादरा मुंडला, ग्राम देवगुराड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया.
मनीष बाइक से इंदौर से अपने ससुराल ग्राम केमाना की ओर जा रहा था, तभी किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे के बाद मनीष सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा. कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे देखा और उसके मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी. मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से मनीष को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात करीब एक बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनीष की पत्नी पहले से ही मायके में रह रही थी और हादसे से कुछ समय पहले दोनों के बीच बातचीत भी हुई थी. मनीष पेशे से लोडिंग वाहन चालक था. उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा, माता पिता और भाई हैं. मामले में कनाड़िया पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का सुराग मिल सके.
