जबलपुर: गोसलपुर थाना अंतर्गत बुढ़ागर में रविवार को सडक़ निर्माण प्लांट द्वारा रोड किनारे खोदे गए एक अनियंत्रित गड्ढे में गिरने से युवक की मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है ।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पनागर के ग्राम नरगवां निवासी गुड्डा कोल (53) ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनका 30 वर्षीय बेटा सोनेलाल कोल रविवार सुबह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 के एच 1235 से काम करने के लिए बुढ़ागर गया हुआ था।
सुबह करीब 9:30 बजे गोसलपुर पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने बताया कि बुढ़ागर में रोड बनाने वाले प्लांट द्वारा सडक़ किनारे एक बड़ा गड्ढा खोदा गया था। सोनेलाल की बाइक अनियंत्रित होकर उसी गड्ढे में जा गिरी। जब पिता और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, तो सोनेलाल और उसकी मोटरसाइकिल गड्ढे में ही पड़े थे। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण सोनेलाल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मर्ग दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। शुरुआती जांच में मामला सडक़ दुर्घटना का लग रहा है, जिसमें बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरी। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या सडक़ किनारे बने इस गड्ढे के पास कोई सुरक्षा संकेतक लगाए गए थे या नहीं।
