नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (वार्ता) कोयला मंत्रालय वाणिज्यिक कोयला खदान नीलामी के 15वें दौर की शुरुआत शुक्रवार को करने के साथ-साथ मुंबई में हितधारकों के साथ परामर्श बैठक आयोजित कर रहा है।
“आत्मनिर्भर भारत: ऊर्जा सुरक्षा के लिए कोयला” विषय पर हितधारकों के साथ कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त मुख्य अतिथि होंगे। मंत्रालय का कहना है कि वर्ष 2020 में वाणिज्यिक कोयला खनन की शुरुआत के बाद से, इस पहल ने घरेलू कोयले की उपलब्धता में महत्वपूर्ण वृद्धि की है और देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ किया है।
मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार 15वें चरण की नीलामी में कारोबारी सुगमता को बढ़ावा देने, विविध निवेशों को आकर्षित करने और उद्योग की व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए सबसे उदार शर्तों पर कोयला खदानें उपलब्ध कराने के उपाय किये गये हैं।
इस चरण में पूरी तरह से खोजे गए और आंशिक रूप से खोजे गए कोयला ब्लॉकों का एक नया सेट पेश किया जाएगा, जिसमें अनुभवी खनिकों, नए प्रवेशकों और प्रौद्योगिकी-आधारित उद्यमों को समान रूप से भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
