
दमोह। तेंदूखेड़ा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनीष बागरी का मंगलवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पंचायत, प्रशासन और ग्रामीण सभी स्तब्ध हैं।जानकारी के अनुसार, सीईओ मनीष बागरी रात में तेंदूखेड़ा के शासकीय क्वार्टर में रुके थे। सुबह करीब 10 बजे अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी राहुल गंगरा उन्हें उठाने गए, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। तुरंत उन्हें तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।डॉक्टरों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर हृदयगति रुकने से निधन की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।घटना की जानकारी मिलते ही जिले भर के अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई। साथ ही क्षेत्रीय मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। साथ ही पंचायत और पंचायत व ग्रामीण विकास, श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने सोशल मीडिया पर शेयर कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जिपं सीईओ प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम तेंदूखेड़ा सी.जी. गोस्वामी, एसडीओपी तेंदूखेड़ा अर्चना अहीर, टीआई तेंदूखेड़ा, तहसीलदार डॉ. विवेक व्यास सहित जिले के सभी जनपद सीईओ और तहसील के सभी ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव बड़ी संख्या में स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। सभी ने दिवंगत सीईओ को श्रद्धांजलि अर्पित की।
