
आलीराजपुर। मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान के तृतीय दिवस पर शुक्रवार को जिला आलीराजपुर में पुलिस ने मोर्चा खोल दिया। विद्यार्थियों से लेकर ग्रामीणों तक को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया, साथ ही सड़क सुरक्षा और स्कूल बसों की सघन जांच भी की गई।
पुलिस अधीक्षक *श्री रघुवंश सिंह* के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले भर में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
*स्कूली बच्चों और NCC कैडेट्स को दी गई समझाइश*
यातायात पुलिस आलीराजपुर द्वारा जिला मुख्यालय के सहायक आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्कूली बच्चों, स्काउट-गाइड और NCC कैडेट्स को नशे के उपयोग से शरीर, समाज और आर्थिक स्थिति पर पड़ने वाले गंभीर नुकसान के बारे में बताया गया।
यातायात थाना प्रभारी *श्री अर्जुन वास्केल* ने बच्चों से अपील की कि वे अपने परिवार, गांव और मोहल्ले में नशे के दुष्परिणाम बताकर परिजनों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। इसी दौरान *श्री वास्केल* ने उपस्थित सभी को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी, सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता से अवगत कराया और सभी से यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलवाई।
*स्कूल बसों पर बड़ी कार्रवाई*
PTRI के निर्देश पर चलाए जा रहे स्कूल बस चेकिंग अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में संचालित 65 स्कूली वाहनों की जांच की गई। इसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 39 वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर 21,300 रुपये समन शुल्क वसूला गया।
*श्री अर्जुन सिंह वास्केल* ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को क्षमता से अधिक सवारियों वाले वाहन में न बैठाएं।
*थाना स्तर पर भी दिखा अभियान का असर*
– *थाना कठ्ठीवाड़ा*: कस्बा कठ्ठीवाड़ा बाजार में ग्रामीणों को नशामुक्त जीवन का महत्व समझाया गया।
– *थाना आजाद नगर*: शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
– *थाना बखतगढ़*: ग्राम पंचायत बखतगढ़ में नशे के विरुद्ध सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
– *थाना नानपुर*: हाई सेकेंडरी स्कूल खारकुंआ में बालक-बालिकाओं को शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की सलाह दी गई।
– *थाना सोण्डवा*: बाराझर क्षेत्र में राहगीरों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव बताए गए।
– *थाना कोतवाली आलीराजपुर*: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोरखड़ में विद्यार्थियों को नशे से होने वाली सामाजिक, मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी हानियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने कहा कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को जागरूक करने की अपील की गई।
जिला पुलिस ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आने वाले दिनों में भी गांवों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।
