उत्तराखंड में एसटीएफ ने कट्टरपंथी- राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

देहरादून/नैनीताल 18 जून (वार्ता) देवभूमि उत्तराखंड में रहकर सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहे एक युवक को राज्य की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने बुधवार और गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया।

यह गिरफ्तारी उधमसिंह नगर के गदरपुर से गोपनीय सूचना के आधार पर की गयी है। आरोपी के पास से विदेशी पिस्तौल, डेटोनेटर, एके 47 के कारतूस बरामद हुए हैं।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने गुरुवार सुबह बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर थाना गदरपुर, जनपद उधमसिंहनगर निवासी मो. सलाउद्दीन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। आरोप है कि वह विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (इंस्टाग्राम, टेलीग्राम एवं सिग्नल) के माध्यम से युवाओं को प्रभावित कर कट्टरपंथी और जिहादी विचारधारा से जोड़ने तथा सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न करने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने बताया कि उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान सिग्नल एवं टेलीग्राम एप पर कई समूहों और चैट्स में कथित रूप से जिहाद, शहादत तथा राष्ट्रविरोधी विचारों से संबंधित सामग्री और संदेश पाए गए। प्रारंभिक जांच में युवाओं को भ्रमित कर उग्र विचारधारा की ओर प्रेरित करने संबंधी गतिविधियों के संकेत मिले हैं। उन्होंने बताया कि प्रारम्भिक जांच में आरोपी के सोशल मीडिया नेटवर्क के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय, ट्रांस-बॉर्डर कट्टरपंथी तत्वों से संभावित संपर्कों के संकेत मिले हैं। इन कनेक्शनों की सत्यता और दायरे की विस्तृत जांच की जा रही है।

एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि जांच के दौरान चैट्स में हथियार, विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं उनकी आवाजाही से संबंधित संदिग्ध बातचीत भी सामने आई है, जिसकी तकनीकी तथा फॉरेंसिक जांच की जा रही है। आरोपी द्वारा पूछताछ के दौरान बताया गया कि कुछ चैट और संपर्कों को उसने डिलीट कर दिया था। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से उसके संपर्क होने की जानकारी भी सामने आयी है, जिसकी भूमिका की जांच जारी है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि कुछ घटनाओं से प्रभावित होकर उसके भीतर कट्टरपंथी सोच विकसित हुई थी। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152, 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66(सी) एवं 66(एफ) के तहत कार्रवाई करते हुए नियमानुसार गिरफ्तार किया गया है।

श्री सिंह ने कहा कि देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त अपराधी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ और गोपनीय सोर्स से जानकारी में आया है कि देश विरोधी गतिविधियों में पाकिस्तान द्वारा मलेशिया से एक व्यक्ति द्वारा इसको संचालित किया जा रहा था और किसी घटना को अंजाम देने के लिए तैयारी हो रही थी।

उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को देश, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्तता की कोई सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल एसटीएफ को अवगत कराएं। सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

 

Next Post

कृत्रिम बुद्धिमत्ता का विकास समावेशिता, सुरक्षा और जनहित के मूल सिद्धांतों पर होना चाहिए: मोदी

Thu Jun 18 , 2026
नयी दिल्ली 18 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जी-7 देशों के सामने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बारे में भारत के ‘मानव’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का विकास समावेशिता, सुरक्षा और जनहित के मूल सिद्धांतों पर आधारित होना चाहिए। जी-7 देशों के 52 वें शिखर […]

You May Like