
सीधी। चुरहट थाना पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट के बीएमओ पर एक महिला के साथ मारपीट करने एवं स्कूटी में तोडफ़ोड़ करने को लेकर आपराधिक मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। फरियादिया प्रियंका पटेल पति सतीष पटेल उम्र 30 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 12 नकवेल, चुरहट ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बीएमओ डॉ. वरुण सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट द्वारा दिनांक 17-18 मई 2025 की रात 2 बजे कठौतहा बाईपास डालडा फैक्ट्री के पास उसकी स्कूटी क्रमांक एमपी 20 एसएल 5061 को रोंका। स्कूटी रुकने पर उनके द्वारा गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी गई। हाथ मुक्का से मारपीट कर धक्का देने पर वह नीचे गिर गई। जिससे उसके पैर व पीठ में भी चोंटे आई हैं। आरोपी द्वारा पत्थर से प्रहार कर उसकी स्कूटी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पीड़िता की रिपोर्ट पर चुरहट थाना में आरोपी डॉ. वरुण सिंह के विरुद्ध 19 मई को अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
