जबलपुर:मालवीय चौक पर राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं पर पुलिसिया कार्रवाई के बाद शहर में सियासी पारा चढ़ गया है। इस कार्रवाई के विरोध में शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आज, शाम 4 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपेंगे।
दरअसल वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा, अभिषेक (चिंटू) चौकसे सहित अन्य कार्यकर्ता के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस से झूमाझटकी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने पुलिस की इस कार्रवाई को पूरी तरह एकतरफा और राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एफआईआर पूरी तरह से राजनीतिक दबाव में आकर दर्ज की गई है। घटना के समय के जो वीडियो फुटेज उपलब्ध हैं, उनमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच की हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगी।
