सतना। जिले में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत तो मिली, लेकिन किसानों के लिए चिंता बढ़ गई है।
कल सुबह तेज आंधी के साथ बारिश ने जिले के कई हिस्सों को प्रभावित किया है। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 8:30 बजे तक 8.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
फसलों को नुकसान की आशंका
रविवार तडक़े चली तेज आंधी ने जिले के ग्रामीण इलाकों में खेतों में खड़ी फसलों और कटाई के बाद रखी फसलों को प्रभावित किया। इसके बाद हुई बारिश ने स्थिति को और जटिल कर दिया। स्थानीय किसानों का कहना है कि गेहूं, चना और अन्य रबी फसलों को नुकसान होने की संभावना है। कई जगहों पर फसलें खेतों में बिखर गईं, जबकि कुछ स्थानों पर पानी भरने से फसलों को और क्षति पहुंची। किसान रामलाल प्रजापति ने बताया, सुबह की आंधी इतनी तेज थी कि खेतों में रखा अनाज उड़ गया। बारिश ने बाकी फसल को भी भीगा दिया। अब नुकसान का डर सता रहा है। जिले के कई अन्य किसानों ने भी ऐसी ही चिंताएं जाहिर की हैं।
कलेक्टर ने दिए सर्वे के निर्देश
मौसम के इस बदले रुख को देखते हुए जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। कलेक्टर ने फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए तत्काल सर्वे शुरू करने के निर्देश दिए हैं। सर्वे टीमें जल्द ही गांवों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लेंगी। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे नुकसान की जानकारी अपने नजदीकी पटवारी या कृषि विभाग के अधिकारियों को उपलब्ध कराएं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज जिले में हल्की बारिश और बादल छाए रहेंगे। उधर,विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखें और खेतों में जलभराव से बचाव के लिए उचित कदम उठाएं।
