नयी दिल्ली, 04 अगस्त (वार्ता) मैंगनीज अयस्क उत्पादन करने वाली सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी मॉयल ने इस वर्ष जुलाई में प्रतिकूल मौसम के बावजूद 1.45 लाख टन मैंगनीज अयस्क का उत्पादन किया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि (सीपीएलवाई) की तुलना में 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
इस्पात मंत्रालय की सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मॉयल ने भारी वर्षा के बावजूद अप्रैल-जुलाई 2025 के दौरान मजबूत परिचालन का प्रदर्शन किया, जिसमें उत्पादन 6.47 लाख टन और बिक्री 5.01 लाख टन रही। यह एक साल पहले की तुलना में क्रमश: 7.8 प्रतिशत और 10.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
इस दौरान कंपनी ने खनिजों की खोज के लिए 43,215 मीटर की ड्रिलिंग की जो पिछले वर्ष की इसी अवधि से 11.4 प्रतिशत अधिक है। मॉयल के सीएमडी अजीत कुमार सक्सेना ने इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मॉयल टीम को बधाई दी और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद उत्पादन और बिक्री बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासों की सराहना की।
