नई दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने एक नाइजीरियाई नागरिक, अपेह नन्ना मालाची को गिरफ्तार किया, जो पिछले चार साल से भारत में बिना वैध वीजा के अवैध रूप से रह रहा था। पुलिस ने विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ), दिल्ली की सहायता से उसे उसके देश निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने आज बताया कि इंस्पेक्टर राम कुमार की अगुवाई वाली टीम अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सक्रिय थी। 3 अक्टूबर को एएसआई विनोद कुमार और एएसआई धर्मेंद्र को सूचना मिली कि नांगल राया, वसंतकुंज साउथ में एक नाइजीरियाई नागरिक किराए का मकान तलाश रहा है। पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया और दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 2021 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था, जो 24 मई 2021 को समाप्त हो गया।
इसके बाद वह बुराड़ी में रहने लगा, लेकिन पुलिस की तलाशी से बचने के लिए वहां से भागकर वसंतकुंज आ गया। पुलिस ने उसके पास से नाइजीरियाई दस्तावेज बरामद किए। फिलहाल, निर्वासन की प्रक्रिया जारी है।
