आई गोट कर्मयोगी में नीमच के राजस्व निरीक्षक जाबिर खान ने प्रदेश में हासिल किया तृतीय स्थान

नीमच। भू-अभिलेख जिला नीमच में कार्यरत राजस्व निरीक्षक श्री जाबिर खान ने भारत सरकार के आई गोट कर्मयोगी डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के अंतर्गत उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए माह मई एवं जून 2026 में प्रदेशभर में 688 कर्मा पॉइंट्स अर्जित कर 511 ऑनलाइन कोर्स पूर्ण किए। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने मध्यप्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।

श्री जाबिर खान की यह उपलब्धि उनके निरंतर अध्ययन, सीखने की प्रतिबद्धता तथा प्रशासनिक कार्यों में दक्षता बढ़ाने के प्रति समर्पण का परिचायक है।

आई गोट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म के माध्यम से शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक प्रशासन, सुशासन, नेतृत्व क्षमता, तकनीकी दक्षता एवं सेवा कौशल से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री जाबिर खान की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्री खान भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभाग एवं जिले का नाम रोशन करते रहेंगे।

श्री जाबिर खान ने अपनी सफलता का श्रेय विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन, सहकर्मियों के सहयोग तथा निरंतर सीखने की अपनी प्रतिबद्धता को दिया। उन्होंने कहा कि ‘सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती। नई तकनीकों और ज्ञान को अपनाकर ही बेहतर एवं प्रभावी प्रशासनिक सेवाएं दी जा सकती हैं। ‘

Next Post

अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी ने हैदराबाद में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का निरीक्षण किया

Fri Jul 3 , 2026
हैदराबाद, 3 जुलाई (वार्ता) तेलंगाना के अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी वासम वेंकटेश्वरलू रेड्डी ने शुक्रवार को खैरताबाद और राजेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूचियों के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सत्यापन प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने […]

You May Like