अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी ने हैदराबाद में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का निरीक्षण किया

हैदराबाद, 3 जुलाई (वार्ता) तेलंगाना के अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी वासम वेंकटेश्वरलू रेड्डी ने शुक्रवार को खैरताबाद और राजेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूचियों के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सत्यापन प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।

अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी ने खैरताबाद निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 211 और बंजारा हिल्स के फिल्म नगर तथा एमआरसी कॉलोनी क्षेत्रों में मतदान केंद्र संख्या 184 पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की।

श्री रेड्डी ने राजेंद्रनगर निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत कोकापेट और मांचिरेवुला में भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने घर-घर जाकर मतदाता गणना के कार्य की प्रगति की समीक्षा की और बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) को व्यक्तिगत रूप से मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने उन्हें बीएलओ ऐप का उपयोग करके चुनाव आयोग के मानदंडों के अनुसार स्थाई रूप से स्थानांतरित, मृत और दो मतदाता कार्ड रखने के मामलों को सख्ती से सत्यापित करने और उन पर कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। मतदाता जागरूकता पर जोर देते हुए उन्होंने अधिकारियों से पात्र नागरिकों को यह सूचित करने का आग्रह किया कि वे चुनाव आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण भी कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान खैरताबाद के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बीएलओ और अन्य चुनाव अधिकारी उनके साथ थे।

 

Next Post

तीस्ता परियोजना घटनाक्रम पर हमारी नजर, हमारे रूख से पहले ही वाकिफ है बंगलादेश : भारत

Fri Jul 3 , 2026
नयी दिल्ली 03 जुलाई (वार्ता) बंंगलादेश में तीस्ता नदी परियोजना में चीन की भागीदारी पर भारत ने कहा है कि वह इस मसले पर बंगलादेश को अपने विचारों से पहले ही अवगत करा चुका है और भारत इस मुद्दे से जुड़े घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है। विदेश मंत्रालय के […]

You May Like