
आष्टा। नगर में एक पूर्व पार्षद के खिलाफ छेड़छाड़ का गंभीर मामला दर्ज होने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वृंदावन कॉलोनी निवासी महिला ने पार्वती थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी बाबू लाल पिता नन्नूलाल मालवीय, जो नगरगंज क्षेत्र के निवासी एवं पूर्व पार्षद हैं, ने परिचित होने का फायदा उठाकर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया. महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे घूमने के बहाने बुलाया और बायपास स्थित एक होटल में ले गया. वहां उसने उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश की. जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया. घटना से आहत महिला ने घर पहुंचकर अपने पति को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद दोनों पार्वती थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण कायम कर लिया है. घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. थाना प्रभारी हरिसिंह परमार ने बताया मामले की गंभीरता को देख जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
