आगरा 25 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के शाहगंज क्षेत्र में रविवार को नामी सत्तो लाला फूड कोर्ट रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। पुलिस ने बताया कि रेस्तरां के छोले भटूरे बनाने वाले स्टॉल पर अचानक से आग लगना शुरू हुई और देखते ही देखते पूरा रेस्टोरेंट धू धू करके जलने लगा। आग लगते ही पूरे रेस्टोरेंट में अफरा तफरी का माहौल हो गया। आग लगने की वजह से रेस्टोरेंट के दूसरे रास्ते से सभी लोग बाहर निकले। रेस्टोरेंट के बगल में ही एक बैंक थी और उसमें एटीएम था। आग एटीएम तक भी पहुंच गई लेकिन गनीमत रही के एटीएम को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ बल्कि एटीएम के बाहर का पूरा हिस्सा जरूर जल गया।
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आग से रेस्टोरेंट मालिक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। रेस्टोरेंट के बाहर खड़े कई दो पहिया वाहन भी आग की चपेट में आने से जलकर खाक हो गए।
