ग्वालियर/भिंड: समूचे चंबल इलाके में आज सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। कड़ाके की सर्दी ने जनजीवन ठप कर दिया है। सुबह 11 बजे तक ग्वालियर समेत पूरे चंबल में सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए हैं। सर्द हवाओं का असर लगातार बना हुआ है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं से पूरे शहर में ठिठुरन है। गुरुवार की सुबह ग्वालियर, भिंड और मुरैना घने कोहरे की आगोश में नजर आए। सौ फीट की दूरी पर भी सामने की वस्तुएं साफ दिखाई नहीं दे रही हैं। सुबह के समय कोहरा ओस में तब्दील होकर लगातार गिरता रहा, जिससे सड़कों, खेतों और घरों की छतों पर नमी की परत जम गई।
ठंड के कारण जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है। लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। सुबह-सुबह टहलने निकलने वाले लोग भी सर्द हवाओं के चलते अपने घरों में ही दुबके नजर आए। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों पर ठंड का असर ज्यादा है। सर्द हवाओं के कारण हाथ-पैर सुन्न होने लगे और लोग अलाव व हीटर का सहारा लेते दिखे।
घने कोहरे के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। सुबह के समय शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही। हाईवे पर चलने वाले भारी वाहनों, बसों और डंपरों को विशेष सतर्कता के साथ चलने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर जिले में न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। सर्द हवाएं करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं और आद्रता का स्तर 95 से 97 प्रतिशत के बीच बना रहा।
