निवेशकों की सावधानी के बीच सेंसेक्स, निफ्टी करीब करीब पिछले स्तर पर बने रहे

मुंबई, 01 जुलाई (वार्ता) वैश्विक अनिश्चितताओं के देश के शेयरबाजारों में मंगलवार को सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव के बीच प्रमुख सूचकांक करीब-करीब कल के स्तर पर बने रहे। मुंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 90.83 अंक यानी 0.11 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 83,697.29 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला निफ्टी-50 भी 24.75 अंक यानी 0.097 प्रतिशत की नाम मात्र की बढ़त के साथ 25541.80 पर बंद हुआ।

विश्लेषकों के मुताबिक निवेशकों को इस समय अमेरिका में आयात शुल्क की दरों को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के फैसले का इंतजार है। श्री ट्रम्प ने भारत सहित विभिन्न देशों के खिलाफ घोषित ऊंची दर के प्रशुल्कों के लागू होने पर नौ जुलाई तक रोक लगा रखी है। विश्लेषकों के अनुसार निवेशक विश्व की प्रमुख दो अर्थव्यवस्थाओं अमेरिका और चीन के व्यापार संबंधों की दिशा को लेकर भी चिंतित हैं।

बीएसई-30 सेंसेक्स में 13 शेयर बढ़त में और 17 घाटे में बंद हुये। बढ़त में रहे प्रमुख शेयरों में रक्षा क्षेत्र की कंपनी बीईएल में 2.51 प्रतिशत की तेजी रही , रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.84 प्रतिशत, एशियन पेंट 1.17 प्रतिशत अल्ट्रासेमको 1.10 प्रतिशत और कोटक बैंक 0.93 प्रतिशत लाभ में रहा। इनके अलावा निफ्टी, टाइटन, भारती एयरटेल, टाटा स्टील, हिंदुस्तान लीवर और एसबीआई तथा बजाज फानेंस भी हल्के लाभ में बंद हुये।

घाटे में रहे शेयरों में एक्सिस बैंक 2.13 प्रतिशत गिरा और ट्रेंट 1.25 प्रतिशत घाटे में रहा। टेक महिंद्रा ओर इटर्नल के शेयर भी एक प्रतिशत से अधिक के घाटे में रहे।

बीएसई सेंसेक्स 83,685.66 पर खुल कर कारोबार के दौरान ऊपर में 83,874.29 और नीचे में 83,572.51अंक तक गया था। कल सेंसेक्स 83,606.46 पर बंद हुआ था।

बाजार के आंकड़ों के अनुसार आज एचडीएफसी बैंक, रिलायंस, आईसीआईसीआई बैंक और बीईएल में सबसे ज्यादा सौदे हुये।

पीएल कैपिटल एडवाइजरी के प्रमुख विक्रम कासट बाजार की आज की स्थित पर टिप्पणी की, “ भारतीय शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांक सूचकांक मंगलवार को काफी हद तक अपरिवर्तित रहे, क्योंकि निवेशकों ने मिश्रित वैश्विक संकेतों पर विचार किया। उन्हें अमेरिका में प्रशुल्क के बारे में निर्णय पर स्पष्टता की प्रतीक्षा है। ”

आज के कारोबार में पीएसयू बैंकों में खरीदारी की दिलचस्पी देखी गयी, जबकि रियल्टी, एफएमसीजी, मीडिया और फार्मा शेयरों में हल्का दबाव रहा। मिड और स्मॉल-कैप सूचकांक में 0.4 प्रतिशत तक गिरावट देखी गयी।

 

 

Next Post

एनएमडीसी ने वैश्विक उपस्थिति का किया विस्तार, दुबई में खोला नया कार्यालय

Tue Jul 1 , 2025
हैदराबाद/ दुबई, 01 जुलाई (वार्ता) भारत की सबसे बड़ी लौह अयस्क उत्पादक कंपनी एनएमडीसी ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में अपने नये अंतरराष्ट्रीय कार्यालय स्थापित कर अपनी वैश्विक उपस्थिति का विस्तार किया है। कंपनी की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस रणनीतिक कदम […]

You May Like