
सिंगरौली, मध्य प्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल के निर्देशानुसार जिला शिक्षा केंद्र सिंगरौली द्वारा जन शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम डाइट पचौर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए जन शिक्षकों ने सहभागिता कर शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षण पद्धति तथा विद्यालयी गतिविधियों से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कविता त्रिपाठी एवं जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) राम लखन शुक्ला ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर अधिकारियों ने प्रशिक्षित जन शिक्षकों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग विद्यालयों में प्रभावी ढंग से करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
