इंदौर:नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को गति देते हुए आजाद नगर पुलिस ने मंगलवार को कृष्णपुरी कॉलोनी में मोहल्ला समिति के साथ जनजागरण बैठक आयोजित की. बैठक में पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और युवाओं को नशे से दूर रखने और पुलिस को सहयोग करने की अपील की.
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-01 आलोक शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त रविन्द्र बिरवाल और थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया बैठक में मौजूद रहे.
इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए. बैठक का मुख्य उद्देश्य नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत बनाना रहा. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोहल्ले में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी गुप्त रूप से देने के लिए शिकायत पेटी लगाई जाएगी.
इस दौरान थाना प्रभारी और अन्य अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी नागरिकों को उपलब्ध कराए गए, ताकि वे सीधे संपर्क कर सूचना दे सकें. बैठक के दौरान बच्चों और युवाओं को नशे के शारीरिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज में नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि मोहल्लों और बस्तियों में जनसहयोग से नशामुक्त वातावरण तैयार किया जा सके.
