इंदौर:शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ट्रैफिक प्रहरी अभियान को स्कूली बच्चों का उत्साही सहयोग मिल रहा है. जिसके तहत एक निजी स्कूल के विद्यार्थियों ने बुधवार को अभियान में शामिल होकर सड़क सुरक्षा का महत्व सीखा और नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की.पुलिस आयुक्त के निर्देशन और अपर पुलिस आयुक्त अपराध/मुख्यालय आरके सिंह तथा डीसीपी यातायात/जोन-4 आनंद कलादगी के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत शहरभर में लोगों को यातायात अनुशासन के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग बनाना और उन्हें यातायात व्यवस्था में सहभागी बनाना है. इसी के तहत कैटलिस्ट वर्ल्ड स्कूल के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के करीब 100 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर ट्रैफिक प्रहरी के रूप में सहभागिता की. कार्यक्रम में डीसीपी आनंद कलादगी, एडिशनल डीसीपी नरेश बाबू अन्नोटिया, एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार कौल, एसीपी हिन्दू सिंह मुवेल और एसीपी जगदीश पाटिल सहित ट्रैफिक पुलिस स्टॉफ मौजूद रहा.
प्रशिक्षण सत्र के दौरान डीसीपी कलादगी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है. जब हम खुद नियमों का पालन करेंगे, तभी दूसरों को भी प्रेरणा मिलेगी. उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि छोटी-सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है. इसलिए सभी को सजग रहना चाहिए. इस दौरान छात्रों को लर्निंग लाइसेंस प्रक्रिया, ट्रैफिक अल्फाबेट, हाथ संकेतों से ट्रैफिक संचालन जैसी तकनीकों की जानकारी दी गई. पुलिस ने विद्यार्थियों को रिफ्लेक्टर जैकेट, सीटी और केप प्रदान की, ताकि वे ट्रैफिक प्रहरी के रूप में जागरूकता फैला सकें.
प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों ने यातायात जागरूकता रैली निकाली और पलासिया सेल्फी पॉइंट पर मानव श्रृंखला बनाकर हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं, तेज गति से वाहन न चलाएं, गलत दिशा में वाहन न चलाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं जैसे संदेशों से लोगों को प्रेरित किया. एसीपी हिन्दू सिंह मुवेल ने बच्चों को पेन-पेंसिल भेंट कर उनके उत्साह की सराहना की, वहीं स्कूल प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया.
