
सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने के उद्देश्य से थाना यातायात पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। 22-23 फरवरी की मध्यरात्रि को शहर के प्रमुख चौराहों पर औचक चेकिंग लगाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस टीम ने निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा और पुराना ट्रैफिक तिराहा पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब 53 वाहनों की जांच की गई। चालकों को समझाइश दी गई कि शराब या अन्य मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने से मानसिक संतुलन प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
चेकिंग के दौरान 5 ट्रक और 4 कार समेत कुल 9 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी वाहनों को जप्त कर वैधानिक कार्रवाई के तहत न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।
यातायात पुलिस द्वारा वर्ष 2025 में भी इस प्रकार का विशेष अभियान चलाया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी यातायात सहित सउनि सवालिया रावत, सुरेश शुक्ला, आर प्रवेश, जितेंद्र, योगेंद्र एवं अन्य यातायात पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।
