सतना: हनुमान चौक स्थित तीन सराफा प्रतिष्ठानों पर जीएसटी एंटी इवेजऩ ब्यूरो की शुक्रवार से जारी कार्रवाई में बड़ा अपडेट सामने आया है। आनंद आदित्य ज्वेलर्स के संचालक आनंद सोनी ने विभाग को 40 लाख रुपए जमा करा दिए हैं। वहीं कान्हा ज्वेलर्स और न्यू कान्हा ज्वेलर्स में सोमवार को चौथे दिन भी जांच का सिलसिला जारी रहेगा।
अधिकारियों का अनुमान है कि मंगलवार तक दोनों प्रतिष्ठानों की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। गौरतलब है कि शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे शुरू हुई इस बड़ी कार्रवाई में लगभग 25 सदस्यीय टीम ने हनुमान चौक स्थित कान्हा ज्वेलर्स (अनुराग सोनी), न्यू कान्हा ज्वेलर्स (स्वाति सोनी) और आनंद आदित्य ज्वेलर्स (आनंद सोनी) में एक साथ दबिश दी थी।
देर रात तक चले पहले चरण में जीएसटी भुगतान से जुड़ी अनियमितताओं, बिक्री रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और इलेक्ट्रॉनिक डेटा की गहराई से जांच की गई थी। संदिग्ध दस्तावेजों के मिलने के बाद तीनों दुकानों को सील कर दिया गया। कार्रवाई का नेतृत्व सहायक संचालक विवेक दुबे, अभिनव त्रिपाठी, राजीव गोपाल, दिलीप सिंह, समीर सहित अन्य अधिकारियों ने किया।
स्टॉक मिलान की प्रक्रिया तेज
शनिवार और रविवार को भी टीम ने स्टॉक मिलान की प्रक्रिया तेज कर दी। प्रत्येक आभूषण का वजन कर वास्तविक स्टॉक और दर्ज रिकॉर्ड के बीच अंतर तलाशा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में लाखों रुपए के कर अपवंचन की आशंका पुष्ट हुई है, जबकि अंतिम आंकड़ा विस्तृत रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।
