
सिंगरौली । ननि आयुक्त सविता प्रधान द्वारा निगम क्षेत्र में संचालित पौधारोपण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान आयुक्त ने पौधारोपण कार्य की गति पर असंतोष और नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी सहायक यंत्रियों एवं उपयंत्रियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने समय-सीमा तय करते हुए कहा कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी अधिकारी अपने-अपने आवंटित लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराएं। इसके साथ ही उन्होंने रोपे गए पौधों की प्रामाणिक जानकारी को संबंधित शासकीय पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराने की हिदायत भी दी। बैठक में आयुक्त ने ननि को मिली प्रशासनिक उपलब्धि की जानकारी देते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण में ननि सिंगरौली पूरे म.प्र. में तीसरे स्थान पर रहा है। आयुक्त ने इस सफलता को पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों और बेहतर अंतर्विभागीय समन्वय का परिणाम बताया। आगामी रैंकिंग में सिंगरौली नगर निगम पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने का गौरव हासिल कर सके। बैठक में कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, हेल्थ ऑफिसर बीजी चतुर्वेदी सहित ननि के समस्त सहायक यंत्री एवं उपयंत्री मौजूद रहे।
