
छिंदवाड़ा। महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो युवकों को देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। आरोपितों ने पूछताछ में एक सप्ताह पहले गुरैया-भरतदेव क्षेत्र से हुई बाइक चोरी की वारदात कबूल कर ली है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को गुरैया निवासी टीकाराम बकड़े ने थाना देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक एमपी28एमए8262 अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत ने आरोपितों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान 23 जुलाई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक बेहद कम कीमत में मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने पहले तो पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने कराबोह डैम के समीप झाडिय़ों में छिपाकर रखी गई चोरी की हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक एमपी28एमए8262 तथा एक बिना नंबर की ग्रे रंग की पल्सर बाइक बरामद की। पुलिस के अनुसार जब्त दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब 1.55 लाख रुपये है। इनमें स्प्लेंडर की कीमत लगभग 45 हजार रुपये तथा पल्सर की कीमत करीब 1.10 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भविष्य उर्फ भवेश परतेती (19) निवासी आदर्श नगर महुआटोला तथा रोहित उर्फ रविंद्र धुर्वे (20) निवासी आदर्श नगर महुआटोला, थाना देहात, जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित रोहित उर्फ रविंद्र धुर्वे के विरुद्ध वर्ष 2025 में थाना देहात में चोरी के दो प्रकरण पहले से दर्ज हैं।
