
इटारसी। सूरजगंज क्षेत्र में सोमवार को बंद पड़े पुराने आर्य कन्या शाला परिसर में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पा लिया।
इसके अलावा, स्थानीय रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित बस स्टैंड के सामने भी बिजली की डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन पैनल) में अचानक आग लग गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुबह करीब 10 बजे बिन्दा वालों की गली स्थित परिसर से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायरफाइटर हेमंत चौधरी और रविशंकर उईके ने फायर वाहन की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
गर्मी बढ़ते ही शहर में आगजनी की घटना बढ़ी
कुछ ही देर की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह परिसर लंबे समय से बंद पड़ा था और इसमें सूखी घास व कचरा जमा था, जिससे आग तेजी से फैल सकती थी। समय पर आग बुझने से आसपास के मकानों और दुकानों को संभावित नुकसान से बचा लिया गया।
दूसरे मामले में स्थानीय रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित बस स्टैंड के सामने सोमवार को बिजली की डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन पैनल) में अचानक आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के दुकानदारों व राहगीरों में दहशत फैल गई।
