​देरी से ही सही, मप्र में सक्रिय हुआ मानसून: भोपाल में आज दस्तक के आसार, 45 जिलों में अलर्ट

 

भोपाल। मप्र में सक्रिय हुआ दक्षिण-पश्चिम मानसून अब आगे बढ़ रहा है। बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं के साथ मानसून ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। मौसम विभाग के अनुसार आज गुरुवार को मानसून के भोपाल पहुंचने के अनुकूल हालात बने हुए हैं। नर्मदापुरम तक पहुंच चुका मानसून अगले एक-दो दिनों में पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून सामान्य तारीख 15 जून से करीब नौ दिन की देरी से 24 जून को मध्यप्रदेश पहुंचा है। इसके बावजूद सक्रियता बढ़ने से प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। अलीराजपुर, धार, इंदौर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है।

राजधानी भोपाल में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट बदली। दिन भर की उमस और गर्मी के बाद शाम को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को भी भोपाल समेत कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की संभावना बनी हुई है।

45 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भोपाल सहित विदिशा, रायसेन, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना सहित 45 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में बारिश की कमी बनी हुई थी। एक जून से 24 जून तक मध्यप्रदेश में सामान्य से करीब 50 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश की कमी लगभग 70 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में करीब 32 प्रतिशत रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून के सक्रिय होने के बाद यह कमी तेजी से पूरी होने की उम्मीद है।

प्रमुख शहरों में बारिश (मिलीमीटर में):

बैतूल-9, खरगोन-8, धार-4, भोपाल-2, इंदौर-2, रायसेन-2, उज्जैन-1 और छिंदवाड़ा-0.8 मिमी।

 

 

Next Post

बोस्निया-हर्जेगोविना ने कतर को 3-1 से हराकर नॉकआउट की उम्मीदें जिंदा रखीं

Thu Jun 25 , 2026
सिएटल, 25 जून (वार्ता) बोस्निया-हर्जेगोविना ने फीफा विश्व कप ग्रुप बी के मुकाबले में कतर को 3-1 से हराकर नॉकआउट चरण में प्रवेश की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा। लुमेन फील्ड में खेले गये मुकाबले की शुरुआत धीमी गति से हुई, लेकिन 29वें मिनट में केरिम अलाजबेगोविच ने गोल करके […]

You May Like